जवाहर चौक मार्केट में टूटते छज्जों से बढ़ी चिंता

जवाहर चौक मार्केट में टूटते छज्जों से बढ़ी चिंता
भोपाल, यश भारत। राजधानी के व्यस्ततम बाजारों में शुमार जवाहर चौक मार्केट में इन दिनों मेट्रो निर्माण कार्य के चलते दुकानदारों में दहशत का माहौल बना हुआ है। बाजार क्षेत्र में लगातार चल रही भारी मशीनों के कंपन से दुकानों की संरचना प्रभावित हो रही है, जिसके चलते कई दुकानों के छज्जे दरकने और टूटने लगे हैं।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत हो रहे खुदाई और पाइलिंग कार्य के दौरान भारी मशीनों के उपयोग से जमीन में तेज कंपन उत्पन्न हो रहा है। इसका सीधा असर पास की पुरानी दुकानों पर पड़ रहा है। कई दुकानदारों ने बताया कि उनकी दुकानों की दीवारों और छज्जों में दरारें साफ दिखाई देने लगी हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है।
एक दुकानदार ने बताया कि दिनभर मशीनों की आवाज और कंपन से दुकान में बैठना मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा डर इस बात का है कि कहीं छज्जा गिर न जाए, जिससे जान-माल का नुकसान हो सकता है। वहीं अन्य व्यापारियों ने भी प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप की मांग की है।
दुकानदारों का आरोप है कि मेट्रो निर्माण एजेंसी द्वारा सुरक्षा मानकों का पर्याप्त ध्यान नहीं रखा जा रहा है। उन्होंने मांग की है कि प्रभावित दुकानों का सर्वे कराया जाए और आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल कराया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। साथ ही, निर्माण कार्य के दौरान कंपन को नियंत्रित करने के उपाय किए जाएं।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि मामले की जानकारी मिलने पर जांच कराई जाएगी और यदि कहीं लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, दुकानदारों में भय का माहौल है और वे अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।







