शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी पर केस दर्ज

शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, आरोपी पर केस दर्ज
शादी के दबाव पर मुकरा युवक, पीड़िता की शिकायत पर कजलीखेड़ा पुलिस ने शुरू की जांच
भोपाल,यशभारत। राजधानी के कजलीखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ बलात्कार का गंभीर मामला सामने आया है। आरोपी युवक ने युवती को विवाह का प्रलोभन देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया, लेकिन अंततः वादे से मुकर गया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका नगर निवासी 18 वर्षीय युवती ने थाने में दर्ज अपनी शिकायत में बताया कि आरोपी आकाश ठाकुर ने उसे शादी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया था। युवती का आरोप है कि आरोपी पिछले काफी समय से उसके साथ शारीरिक संबंध बना रहा था और हर बार जल्द ही शादी करने का आश्वासन देता था।
बीते दिनों जब युवती ने आरोपी आकाश पर शादी करने के लिए दबाव बनाना शुरू किया, तो उसने साफ तौर पर मना कर दिया। युवक के इस धोखे से आहत होकर पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई और थाने जाकर पुलिस की शरण ली।
कजलीखेड़ा थाना पुलिस ने युवती के बयानों के आधार पर आरोपी आकाश ठाकुर के विरुद्ध बलात्कार की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किया जा रहा है।







