
जबलपुर, यशभारत। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। थाना केण्ट पुलिस ने स्मैक की तस्करी में लिप्त दो तस्करों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 40 ग्राम स्मैक एवं एक मोटरसाइकिल जप्त की है। जप्त की गई स्मैक की अनुमानित कीमत ₹4 लाख बताई जा रही है।
इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक
सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्दश पर अंजाम दिया गया। उनके आदेशानुसार मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) सुश्री अंजना तिवारी एवं नगर पुलिस अधीक्षक केण्ट
उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी केण्ट श्री पुष्पेन्द्र पटले के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 16 अक्टूबर को पुलिस को एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक काले-नीले रंग की स्प्लेंडर (MP 20 KN 6660) बाइक से पेंटीनाका क्षेत्र में स्मैक बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ा।
पकड़े गए आरोपियों के नाम कपिल सोनकर पिता सुरेन्द्र लाल सोनकर (उम्र 35), निवासी – खटीक मोहल्ला, गोपाल मंदिर के सामने आदित्य उर्फ छोटू सोनकर पिता अशोक सोनकर (उम्र 22), निवासी – तुलसी मोहल्ला, सरकारी शौचालय के पास, बेलबाग
तलाशी के दौरान कपिल सोनकर की पैंट की जेब से एक पारदर्शी पन्नी में रखा 40 ग्राम स्मैक बरामद हुआ। पूछताछ में कपिल ने बताया कि यह स्मैक वर्ष 2019 में उत्तर प्रदेश निवासी मान सिंह कुशवाहा से खरीदी गई थी, जिसमें से कुछ मात्रा अब तक बची हुई थी।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध धारा 8/21 NDPS एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज करते हुए उन्हें हिरासत में लिया गया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त बाइक भी जब्त कर ली गई है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने में सहायक उप निरीक्षक जगदीश सिंह, प्रधान आरक्षक रविशंकर शुक्ला, आरक्षक बलराम मरावी, अम्बरीश, और सौरभ यादव की सराहनीय भूमिका रही।







