देश

मौसम अलर्ट: 70Km/h की तूफानी हवाएं, 29 राज्यों में बारिश-ओलावृष्टि का खतरा

लू और गर्म रातों की चेतावनी जारी

नई दिल्ली,एजेंसी। देशभर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। कई राज्यों में 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

कहीं लू, कहीं राहत

पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान और गुजरात में हाल के दिनों में तापमान 40 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि कुछ इलाकों में आंधी और हल्की बारिश से तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। उत्तर प्रदेश के बांदा में लगातार तीसरे दिन पारा 45°C के पार रहा, जबकि कई शहरों में बारिश भी हुई।

पश्चिमी विक्षोभ का असर

IMD के अनुसार, देश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। 2 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय होगा, जिसका असर मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक देखने को मिलेगा। यहां गरज-चमक के साथ 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।

दिल्ली-NCR में 5 दिन मौसम खराब

राजधानी दिल्ली में 30 अप्रैल को बादल छाए रहने और शाम तक हल्की बारिश की संभावना है। 3 से 5 मई के बीच हवा की रफ्तार 30-40 किमी/घंटा, जबकि झोंकों में 50 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। तापमान पहले बढ़ेगा, फिर 3-4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।

पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर में 3 से 5 मई के बीच बारिश और बर्फबारी का अलर्ट है। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 30 अप्रैल से 5 मई के बीच बारिश की संभावना जताई गई है।

70Km/h की आंधी और ओले गिरने का खतरा

उत्तर प्रदेश, पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में 70 किमी/घंटा की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है। कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश

अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले 5 दिनों तक तेज हवाओं (50-70 किमी/घंटा) के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भी आंधी-तूफान और ओले गिरने की संभावना है।

दक्षिण भारत में भी असर

तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में 30 अप्रैल से 2 मई के बीच भारी बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है।

लू और गर्म रातों की चेतावनी जारी

IMD ने पश्चिमी राजस्थान में 1 से 3 मई के बीच लू चलने की चेतावनी दी है। वहीं ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में उमस भरी गर्मी परेशान कर सकती है। पूर्वी मध्य प्रदेश में गर्म रातें रहने की संभावना जताई गई है। कुल मिलाकर, देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले 4-5 दिन मौसम अस्थिर रहेगा। लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button