
बाराबंकी | बाराबंकी जिले के फतेहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। बेकाबू डंपर ने घर के बाहर सो रहे एक ही परिवार के पांच लोगों को रौंद दिया। हादसे में पिता, बेटे और दो बेटियों की मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव निवासी नीरज (35) अपने परिवार के साथ घर के बाहर सो रहे थे। बताया जा रहा है कि इलाके में बिजली आपूर्ति बाधित होने और भीषण गर्मी के कारण परिवार सड़क किनारे दरवाजे के सामने चारपाई डालकर सो रहा था। इसी दौरान रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार और बेकाबू डंपर वहां पहुंचा। डंपर पहले सड़क किनारे पेड़ से टकराया और फिर परिवार के ऊपर चढ़ गया।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने नीरज, उनके बेटे अनुराग (13), बेटी अंशिका (10) और अंशू (6) को मृत घोषित कर दिया। वहीं नीरज की पत्नी आरती (35) गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद लखनऊ स्थित लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान रेफर किया गया है।

घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि मृतक नीरज किराये पर मैजिक वाहन चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते थे। एक साथ परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे गांव में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के मामा कृपा राम ने बताया, “रात करीब तीन बजे हादसे की सूचना मिली। बिजली न होने के कारण सभी लोग बाहर सो रहे थे, तभी तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया।” वहीं नीरज की बहन किरण अस्पताल में बच्चों के शव देखकर बेसुध हो गईं। बिलखते हुए उन्होंने कहा, “सब कुछ खत्म हो गया… भइया और बच्चों को हमसे छीन लिया गया।”
जिला अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, सभी घायलों को सुबह करीब 5:15 बजे अस्पताल लाया गया था। दो बच्चों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी, जबकि गंभीर रूप से घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर किया गया।
सीओ फतेहपुर जगतराम कन्नौजिया ने बताया कि हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से हर किसी की आंखें नम हैं।







