37 लाख रुपये की चोरी की दो स्कॉर्पियो बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार

37 लाख रुपये की चोरी की दो स्कॉर्पियो बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
अशोक गार्डन और पिपलानी क्षेत्र से पार की थीं गाड़ियां; पार्ट्स व टायर बेचने की फिराक में थे बदमाश
भोपाल,यशभारत। राजधानी में वाहन चोरी पर नकेल कसते हुए अशोका गार्डन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो महिंद्रा स्कॉर्पियो गाड़ियां बरामद की हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 37 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो चोरी की गाड़ियों के पार्ट्स और टायर बेचने की फिराक में थे।
जानकारी के अनुसार, फरियादी मधुसूदन शर्मा उम्र 32 साल निवासी न्यू मिनाल रेसीडेंसी ने अशोका गार्डन थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि सर्विसिंग व रिपेयरिंग के लिए आई स्कॉर्पियो को 29 जुलाई को पार्किंग में खड़ा किया गया था, जो 31 जुलाई की शाम तक गायब मिली। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना के बाद पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस को सूचना मिली कि बिजली कालोनी कबाड़े की दुकान के पास कुछ संदिग्ध चोरी की गाड़ियों के पार्ट्स और टायर बेचने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर तीन संदिग्धों वसीम खान उर्फ समर निवासी अशोका गार्डन, अयान खान निवासी रायसेन और अंसार निवासी रायसेन को हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अशोका गार्डन और पिपलानी थाना क्षेत्र से स्कॉर्पियो गाड़ियां चोरी करने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अशोका गार्डन से चोरी हुई स्कॉर्पियो और पिपलानी से चोरी हुई स्कॉर्पियो सहित कुल 37 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।






