5 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, पिस्टल-कारतूस और बाइक जब्त
होटल में कमरा नहीं मिला तो धमकाया,अगले दिन की फायरिंग

जबलपुर। लार्डगंज थाना क्षेत्र में होटल में कमरा नहीं मिलने पर कर्मचारी को धमकाने और अगले दिन जान से मारने की नीयत से दो राउंड फायर करने के मामले में पुलिस ने 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी कुनाल पटेल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल, एक कारतूस और बाइक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 26 जुलाई को कुनाल पटेल होटल में लग्जरी कमरा मांगने पहुंचा था। कमरा नहीं मिलने पर उसने खुद को छोटू चोबे का आदमी बताते हुए कर्मचारी शिवम अग्रवाल को धमकी दी। अगले दिन 27 जुलाई को वह अपने साथी शनि के साथ रानीताल गेट नंबर-1 के पास पहुंचा और शिवम से गाली-गलौज कर दो राउंड फायर कर फरार हो गया।
मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने कुनाल को सनीताल शमशान घाट के पास से गिरफ्तार कर लिया।







