भोपालमध्य प्रदेश

शाहपुरा में गश्त के दौरान आरक्षक का अपहरण, पूरी रात कार में बंधक बनाकर पीटा

शाहपुरा में गश्त के दौरान आरक्षक का अपहरण, पूरी रात कार में बंधक बनाकर पीटा

खुलेआम शराब पीने से रोका तो आरक्षक को अगवा कर एमपी नगर की ओर भागे

फ्लाईओवर पर पुलिस की घेराबंदी देख आरक्षक ने चलती कार से छलांग लगाई

भोपाल, यशभारत। राजधानी में बेखौफ बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे गश्त पर तैनात पुलिस जवानों पर भी हमला करने से नहीं हिचक रहे। शाहपुरा थाना क्षेत्र में 8-9 अगस्त की दरमियानी रात शराब पीने से टोकने पर दो बदमाशों ने आरक्षक का अपहरण कर लिया और उसे पूरी रात कार में बंधक बनाकर पीटा। आरोपियों ने उसे जंगल में ले जाकर जान से मारने की धमकी भी दी। हालांकि, आरक्षक की सूझबूझ और साथी पुलिसकर्मी की मुस्तैदी से बदमाश पकड़े गए।

दाना पानी रेस्टोरेंट के पास की घटना

शाहपुरा थाने के आरक्षक सुंदर पटेल और आरक्षक मयंक ठाकुर चार्ली वाहन पर नाइट रूटीन ड्यूटी पर थे। दाना पानी रेस्टोरेंट के सामने भूपेंद्र शर्मा और ऋषि नामदेव कार में बैठकर शराब पी रहे थे। पुलिसकर्मियों ने पूछताछ के बाद दोनों को थाने चलने को कहा। आरक्षक मयंक ठाकुर बाइक से थाने के लिए निकले, जबकि आरक्षक सुंदर पटेल आरोपियों की कार में बैठ गए। लेकिन आरोपियों ने कार थाने ले जाने के बजाय एमपी नगर की तरफ दौड़ा दी।

कार में मारपीट, लाइव लोकेशन से ट्रैक

कार के अंदर बदमाशों ने आरक्षक सुंदर पटेल को बंधक बनाकर मारपीट शुरू कर दी। सुंदर ने हिम्मत दिखाते हुए अपने मोबाइल से साथी मयंक ठाकुर को लाइव लोकेशन शेयर कर दी। लोकेशन शेयर होने की भनक लगते ही आरोपियों ने दोबारा आरक्षक के साथ बर्बरता से मारपीट की।

जीजी फ्लाईओवर पर चलती कार से कूदा जवान

लाइव लोकेशन के आधार पर आरक्षक मयंक ठाकुर ने बाइक से बदमाशों की कार का लगातार पीछा किया। कार गणेश मंदिर होते हुए डीबी मॉल की तरफ बढ़ी। जीजी फ्लाईओवर पर पुलिस की घेराबंदी और ट्रैफिक के चलते जब कार की रफ्तार धीमी हुई, तब आरक्षक सुंदर पटेल दरवाजा खोलकर कार से नीचे कूद गए। आरोपी मौके से कार भगा ले गए।

सीसीटीवी और कार नंबर से गिरफ्तारी

पुलिस ने कार नंबर और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आयुक्त संजय कुमार ने बताया कि भूपेंद्र शर्मा गंजबासौदा निवासी हाल मुकाम कोलार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उस पर विदिशा में हत्या के प्रयास का मामला पहले से दर्ज है। वही ऋषि नामदेव बावड़िया कला का रहने वाला है। दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। दोनों आरोपी पेशे से ड्राइवर हैं और वारदात में इस्तेमाल कार एक ट्रैवल्स कंपनी में अटैच पाई गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button