दो स्कूली छात्राएं लापता: पिकनिक के बाद दो परिवारों में छाई चिंता

जबलपुर यश भारत । केंद्रीय विद्यालय खमरिया की कक्षा 9वीं की चार छात्राओं का पिकनिक पर जाना दो परिवारों के लिए चिंता का कारण बन गया। मंगलवार सुबह घर से निकली चार छात्राओं में से दो घर लौट आईं, जबकि दो अब तक लापता हैं। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर छात्राओं की तलाश शुरू कर दी है।
स्कूल प्रोजेक्ट का बहाना, पिकनिक पर पहुंचीं
जानकारी के अनुसार, रांझी मानगांव के बुद्धू कुच्छी का बाड़ा निवासी 14 वर्षीय श्रद्धा कोरी और उसकी सहेली स्मृति यादव, अपनी अन्य दो सहेलियों प्रतिज्ञा ठाकुर और आयुषी सोनवाने के साथ घर से निकली थीं। छात्राओं ने परिजनों को स्कूल प्रोजेक्ट का काम होने की बात कही थी। सभी छात्राएं भदभदा क्षेत्र पहुंचीं और दिनभर पिकनिक का आनंद लिया।
मनमुटाव के बाद दो लौटीं, दो लापता
बताया जा रहा है कि पिकनिक के दौरान किसी बात को लेकर चारों छात्राओं में मनमुटाव हो गया। विवाद के बाद प्रतिज्ञा ठाकुर और आयुषी सोनवाने अपनी स्कूटी से घर लौट आईं। हालांकि, श्रद्धा कोरी और स्मृति यादव वहीं रुक गईं।
देर शाम तक जब श्रद्धा और स्मृति घर नहीं लौटीं, तो उनके परिजन परेशान हो गए और उनकी तलाश शुरू कर दी। काफी खोजबीन के बाद भी जब दोनों का कोई पता नहीं चला, तो परिवारों ने पुलिस से संपर्क किया।
पुलिस ने टीमें गठित कर तलाश शुरू की
पुलिस ने दोनों छात्राओं की गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, छात्राओं की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस संभावित स्थानों पर छानबीन कर रही है और उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही दोनों छात्राओं को सुरक्षित ढूंढ लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।







