रायसेन में दो बसों की आमने-सामने भिड़ंत, राष्ट्रीय कवि समेत 3 की मौत, 15 घायल

रायसेन में दो बसों की आमने-सामने भिड़ंत, राष्ट्रीय कवि समेत 3 की मौत, 15 घायल
भोपाल,यशभारत। रायसेन जिले के खरबई थाना चौकी अंतर्गत सेहतगंज टोल प्लाजा के पास शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दो यात्री बसों में आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में बेगमगंज से भोपाल जा रहे राष्ट्रीय स्तर के युवा कवि नीतेश व्यास भी शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा और एसपी आशुतोष गुप्ता दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।
पुलिस के अनुसार, भोपाल-सागर रूट पर चलने वाली कल्पना ट्रैवल्स की बस (MP33 ZC 7770) और शक्ति ट्रैवल्स की बस (MP04 PA 3820) के बीच यह भिड़ंत हुई। मौके पर मौजूद लोगो ने बताया कि दोनों बसों की रफ्तार बहुत तेज थी और मोड़ पर ड्राइवरों के नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि खिड़की की तरफ बैठे यात्रियों को गंभीर चोटें आईं और एक बस सड़क किनारे पुलिया से टकराकर रुकी।
हादसे के बाद चीख-पुकार मचने पर स्थानीय लोगों और प्रशासन ने तुरंत 10 एम्बुलेंस की मदद से घायलों को रायसेन जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को भोपाल के हमीदिया अस्पताल, नागपुर अस्पताल और लक्ष्मी स्पेशलिटी हॉस्पिटल रेफर किया गया है। मृतकों में नीतेश व्यास (निवासी सुल्तानगंज) और माखन लोधी (29, निवासी बेगमगंज) की पहचान हो चुकी है, जबकि तीसरे शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। घायलों में खंडवा निवासी पुलकित अग्रवाल, भोपाल के एसएस सोलंकी, केशव सिंह और रायसेन की शिवानी लोधी सहित दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।







