ट्विशा शर्मा केस: रिटायर्ड जज और समर्थ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कोर्ट में पेशी

ट्विशा शर्मा केस: रिटायर्ड जज और समर्थ की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कोर्ट में पेशी
भोपाल, यशभारत। चर्चित एक्टर ट्विशा शर्मा डेथ केस के आरोपियों की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले के मुख्य आरोपी रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह को उनकी 14 दिन की न्यायिक हिरासत खत्म होने पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोर्ट में पेश किया गया।
इस दौरान मामले की जांच कर रही केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो के अधिकारियों ने कोर्ट में आवेदन पेश कर दोनों आरोपियों की न्यायिक हिरासत बढ़ाने की मांग की। सीबीआई ने कोर्ट को दलील दी कि मामले की जांच अभी बेहद संवेदनशील मोड़ पर है और कई महत्वपूर्ण तथ्यों का सामने आना बाकी है। जांच एजेंसी ने सुचारू तफ्तीश का हवाला देते हुए आरोपियों को 30 जून तक न्यायिक हिरासत में रखने का आग्रह किया है। सीबीआई का कहना है कि सभी तथ्य स्पष्ट होने के बाद ही आगे की कार्रवाई पर विचार किया जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले बीते 2 जून को कोर्ट ने दोनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोपाल सेंट्रल जेल भेजा था। जेल में कुछ रातें बिताने के बाद दोनों आरोपियों ने स्वास्थ्य खराब होने का हवाला दिया, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। नियमों को ताक पर रखकर आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराए जाने के इस मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने संबंधित महिला जेलर को पहले ही निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है। फिलहाल कोर्ट ने सीबीआई की अर्जी पर विचार शुरू कर दिया है।







