ट्रंप की धमकी से सहमा शेयर बाजार, सेंसेक्स खुलते ही 700 अंक टूटा, निफ्टी भी धड़ाम
वैश्विक तनाव बना बड़ी वजह

मुंबई, यशभारत। मुंबई घरेलू शेयर बाजार में जारी तेजी पर ब्रेक लग गया है और अब बाजार में गिरावट का रुख देखने को मिल रहा है। प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स करीब 702 अंकों की गिरावट के साथ 73,405 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 50 भी दबाव में नजर आया और 201 अंकों की गिरावट के साथ 22,767 के स्तर पर कारोबार करता दिखा। बाजार में इस गिरावट से निवेशकों के बीच सतर्कता का माहौल बन गया है और ज्यादातर सेक्टर्स में बिकवाली हावी रही।
वैश्विक तनाव बना बड़ी वजह
बाजार में गिरावट की मुख्य वजह डोनाल्ड ट्रंप का ईरान को दिया गया कड़ा अल्टीमेटम माना जा रहा है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि यदि होर्मुज जलडमरूमध्य को तय समय में जहाजों के लिए नहीं खोला गया, तो सैन्य कार्रवाई की जा सकती है। इससे वैश्विक स्तर पर तनाव और युद्ध की आशंका बढ़ गई है।
कच्चे तेल में उछाल
मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव का असर कच्चे तेल की कीमतों पर भी देखने को मिला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में अमेरिकी कच्चा तेल 115 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जो हाल के समय का उच्च स्तर है। वहीं ब्रेंट क्रूड भी 111 डॉलर प्रति बैरल के आसपास बना हुआ है।ईरान ने भी जवाबी चेतावनी देते हुए कहा है कि किसी भी हमले की स्थिति में वह पूरे खाड़ी क्षेत्र के ऊर्जा ढांचे को निशाना बना सकता है। इससे वैश्विक सप्लाई चेन और अर्थव्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका है विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थिति सामान्य नहीं होती, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।







