देश

मुहर्रम से लौट रही ताशा पार्टी पर मौत बनकर टूटा ट्रक, 7 की दर्दनाक मौत

झारखंड में भीषण सड़क हादसा

रांची। झारखंड के रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी गांव के समीप शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा ट्रक और पिकअप वाहन की आमने-सामने की जोरदार टक्कर से हुआ। मृतक सभी ताशा पार्टी के सदस्य थे, जो मुहर्रम पर्व का कार्यक्रम समाप्त कर अपने गांव लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप वाहन के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल युवक को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि ताशा पार्टी के दो सदस्य रामगढ़ के रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव तथा पांच सदस्य कुजू के बलसगरा गांव के निवासी थे। सभी की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच बताई गई है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह

जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन (जेएच-02क्यू-8268) गोला से रामगढ़ की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन लारी बुध बाजार स्थित होटल सम्राट के पास पहुंचा, सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे एलपी ट्रक (जेएच-02एए-4786) ने उसे सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सात लोगों की मौके पर ही जान चली गई।

ग्रामीणों का प्रदर्शन, मुआवजे और कार्रवाई की मांग

हादसे के बाद रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आए और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने तथा इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से रोक लगाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया और यातायात को सामान्य कराया। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button