ओवरटेक करते समय ट्रक ने कार को मारी टक्कर, पलटी; डिवाइडर में घुसा ट्रक

ओवरटेक करते समय ट्रक ने कार को मारी टक्कर, पलटी; डिवाइडर में घुसा ट्रक
भोपाल, यशभारत। राजधानी के व्यस्ततम एमपी नगर बोर्ड ऑफिस चौराहे पर बुधवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 5 बजे एक तेज रफ्तार भारी-भरकम ट्रक ने ओवरटेक करने के प्रयास में एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सड़क पर ही पलट गई, जबकि अनियंत्रित ट्रक सीधे डिवाइडर में जा घुसा। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और कार सवार बाल-बाल बच गए।
राहगीरों और पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह उस समय हुआ जब सड़क पर ट्रैफिक कम था। बोर्ड ऑफिस चौराहे के पास ट्रक चालक ने लापरवाही पूर्वक आगे निकलने के चक्कर में ओवरटेक करने का प्रयास किया, जिससे ट्रक सामने से आ रही कार से टकरा गया। टक्कर लगते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के तुरंत बाद कार में मौजूद लोग अपनी सूझबूझ से सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ट्रैफिक की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बीच चौराहे पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के होने के कारण सुबह का यातायात प्रभावित हो रहा था। पुलिस ने क्रेन की मदद से पलटी हुई कार और डिवाइडर में फंसे ट्रक को सड़क से हटवाकर किनारे कराया, जिसके बाद यातायात पूरी तरह सुचारु हो सका। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।







