होशंगाबाद रोड पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, बिना हेलमेट चालकों पर कार्रवाई

होशंगाबाद रोड पर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती, बिना हेलमेट चालकों पर कार्रवाई
भोपाल, यश भारत। राजधानी में सड़क सुरक्षा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को होशंगाबाद रोड पर विशेष हेलमेट चेकिंग अभियान चलाया। शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल होशंगाबाद रोड पर सुबह से शुरू हुए इस अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। अभियान के पहले ही घंटे में दर्जनों चालान बनाए गए, जबकि कई वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और हमेशा हेलमेट पहनने की समझाइश दी गई।
अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने सड़क पर आने-जाने वाले दोपहिया वाहनों की गहन जांच की। जिन चालकों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, कुछ ऐसे युवाओं को, जिन्होंने पहली बार नियमों का उल्लंघन किया था, भविष्य में अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने की चेतावनी देकर जागरूक भी किया गया।
कार्रवाई के दौरान ट्रैफिक सूबेदार सुनील कुमार और एएसआई रामसरूप स्वयं मौके पर मौजूद रहे तथा अभियान की निगरानी करते रहे। अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान केवल चालान काटने के लिए नहीं, बल्कि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में सिर पर गंभीर चोट लगने के मामले सबसे अधिक सामने आते हैं और हेलमेट ऐसी दुर्घटनाओं में जीवन बचाने का सबसे प्रभावी सुरक्षा उपकरण है। इसी कारण शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर लगातार हेलमेट चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों ने दोपहिया वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर सफर में आईएसआई मार्क वाला हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनें तथा यातायात नियमों का पालन करें। आने वाले दिनों में भी राजधानी के प्रमुख मार्गों पर इस तरह के विशेष अभियान जारी रहेंगे।







