198 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, एमबीए पास आरोपी भी शामिल

198 लीटर अंग्रेजी शराब के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, एमबीए पास आरोपी भी शामिल
भोपाल, यशभारत। राजधानी के थाना अवधपुरी पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक महिंद्रा कार और 198 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की गई है। जब्त की गई कुल मशरूका की कीमत करीब 7 लाख 31 हजार रुपये बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि वर्धमान ग्रीन वैली एक्सटेंशन कॉलोनी के ग्राउंड में एक सफेद रंग की कार खड़ी है, जिसमें अवैध शराब की पेटियां रखी हुई हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुरेश कुमार मीणा की टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही कार चालक देवेश मिश्रा अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, लेकिन कार में सवार तीन अन्य युवकों को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर कार के अंदर से 22 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसमें रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज, आइकॉनिक व्हाइट, मैजिक मोमेंट्स और ऑफिसर्स चॉइस जैसे ब्रांड शामिल थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान योगेश मालवीय (23), शुभम अहिरवार (26) और आशीष सेहरिया (19) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी विदिशा के रहने वाले हैं। पूछताछ में पता चला कि आरोपी शुभम अहिरवार एमबीए पास है। आरोपियों ने बताया कि वे घूमने-फिरने और नशे के शौक को पूरा करने के लिए अवैध रूप से शराब बेचने का काम करते थे।







