स्कूली छात्रा, महिला समेत तीन ने फांसी लगाकर जान दी -मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस

स्कूली छात्रा, महिला समेत तीन ने फांसी लगाकर जान दी
-मर्ग कायम कर जांच में जुटी पुलिस
भोपाल, यशभारत।
शहर के अलग-अलग स्थानों पर एक स्कूली छात्रा और एक विवाहिता समेत तीन लोगों ने अपने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने तीनों के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इससे आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कोलार थाना के एएसआई मनोज नागवंशी ने बताया कि बंजारी बस्ती कोलार निवासी आकांश भारती(17) कक्षा दसवीं की छात्रा थी। उसके पिता की मौत हो चुकी है। वह अपनी मां रेणू भारती और भाई के साथ रहती थी। कल उसका भाई अपनी लकवा ग्रस्त मां को इलाज के लिए डॉक्टर के पास लेकर गया था। इसी बीच छात्रा ने अपने घर में दुपट्टे का फंदा बांधकर फांसी लगा ली। रात करीब साढ़े सात बजे मां-बेटा घर लौटे तो घटना का पता चला। इसके बाद छात्रा को फंदे से उतारकर निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
छह दिन बाद अस्पताल में दमतोड़ा:-
कोलार के एसआई पप्पू कटियार ने बताया कि दामखेड़ा निवासी लवकुश ठाकुर पुत्र बद्री प्रसाद(43) इलेक्ट्रीशियन का काम करता था। गत 13 अगस्त को उसने अपने घर में फांसी लगा ली थी। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने उसे फंदे से उतारकर हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां पर कल उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस को मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इधर, जहांगीराबाद थाना के एएसआई संजय मिश्रा ने बताया कि बरखेड़ी निवासी रश्मि साहू पति सुनील(40) गृहणी थी। कल रात उसने अपने घर में पंखे से दुपट्टे का फंदा बांध कर फांसी लगा ली। घटना का पता चलने पर परिजन उसे एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मर्ग कायम कर आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
ट्राला ने ली बाइक सवार युवक की जान:-
नजीराबाद थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्राला ने बाइक सवार युवक को टक्कर मारते हुए रौंद दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी अरूण शर्मा ने बताया कि ग्राम पीपलहेड़ा ब्यावरा निवासी बाबूलाल मेहर पुत्र भवरलाल(40) मेहनत-मजदूरी करता था। कल दोपहर वह सूरजपुरा के पास से हाईवे से होता हुआ कहीं जा रहा था। तभी एक तेज रफ्तार ट्राला ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने ट्राला जब्त कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। आज पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।







