भोपालमध्य प्रदेश

ट्रेन में झाड़ू लगाने के बहाने चोरी करने वाला बदमाश गिरफ्तार, 3 लाख का मंगलसूत्र बरामद

ट्रेन में झाड़ू लगाने के बहाने चोरी करने वाला बदमाश गिरफ्तार, 3 लाख का मंगलसूत्र बरामद

भोपाल, यशभारत। जीआरपी भोपाल ने ट्रेनों में झाड़ू लगाने की आड़ में यात्रियों का सामान चुराने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया 2 तोला सोने का मंगलसूत्र बरामद किया है, जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये बताई जा रही है।

छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में हुई थी चोरी
मामला 20 जुलाई का है। रायपुर निवासी चित्ररेखा अपने पति के साथ ट्रेन संख्या 18238 छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के कोच ए-1 में रायपुर से निजामुद्दीन की यात्रा कर रही थीं। भोपाल स्टेशन पहुंचने से पहले एक अज्ञात बदमाश उनकी सीट पर रखा लेडीज पर्स चोरी कर ले गया। पर्स बाद में ट्रेन के बाथरूम में लावारिस हालत में मिला, लेकिन उसमें रखा सोने का मंगलसूत्र गायब था। फरियादिया की शिकायत पर निजामुद्दीन स्टेशन में मामला दर्ज कर विवेचना जीआरपी भोपाल को सौंपी गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक जहीर खान ने बताया कि जीआरपी टीम ने भोपाल स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति ट्रेन से उतरता हुआ नजर आया। पुलिस ने तलाश कर संदिग्ध को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संतोष पिता लक्ष्मीकांत (22 वर्ष), निवासी मुस्कान कॉलोनी, अयोध्या बायपास, भोपाल बताया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने चोरी की बात कबूल कर ली, जिसके बाद पुलिस ने उसके पास से 3 लाख रुपये मूल्य का 2 तोला सोने का मंगलसूत्र बरामद किया।

एक पैर गंवा चुका है आरोपी, पूर्व में भी दर्ज हैं अपराध

पुलिस के अनुसार आरोपी ट्रेनों में झाड़ू लगाकर अपना गुजर-बसर करता है। पूर्व में ट्रेन से गिर जाने के कारण वह अपना एक पैर गंवा चुका है। वह सफर के दौरान सो रहे यात्रियों की बेफिक्री और लापरवाही का फायदा उठाकर चोरी करता था। आरोपी पुराना अपराधी है और उस पर पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button