समाधान योजना के द्वितीय चरण की अवधि बढ़ी, अब 15 मई तक मिलेगा 90% तक सरचार्ज में छूट का लाभ

समाधान योजना के द्वितीय चरण की अवधि बढ़ी, अब 15 मई तक मिलेगा
90% तक सरचार्ज में छूट का लाभ
भोपाल यश भारत। मध्य प्रदेश सरकार की समाधान योजना 2025-26 के द्वितीय चरण की अवधि में डेढ़ माह का विस्तार कर दिया गया है। अब यह योजना 15 मई 2026 तक प्रभावी रहेगी, जिससे बकायादार उपभोक्ताओं को राहत पाने का अतिरिक्त अवसर मिल गया है। बकायादार उपभोक्ताओं की लगातार भागीदारी और उत्साह को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। योजना की शुरुआत 3 नवंबर से हुई थी और अब तक लाखों उपभोक्ता इसका लाभ उठा चुके हैं। कंपनी ने अपील की है कि तीन माह से अधिक समय से बकाया रखने वाले उपभोक्ता इस योजना में शामिल होकर एकमुश्त भुगतान करें और 90 प्रतिशत तक सरचार्ज माफी का लाभ प्राप्त करें।
योजना के तहत उपभोक्ताओं को सरचार्ज में 70 से 90 प्रतिशत तक छूट मिल रही है। वहीं, किस्तों में भुगतान करने पर भी 50 से 60 प्रतिशत तक छूट का प्रावधान रखा गया है। यह योजना उन उपभोक्ताओं के लिए विशेष रूप से राहतकारी साबित हो रही है, जो सरचार्ज बढ़ने के कारण मूल राशि जमा नहीं कर पा रहे थे।
योजना की मुख्य बातें
समाधान योजना 2025 , 26 का उद्देश्य तीन माह से अधिक अवधि के बकायादार उपभोक्ताओं को विलंबित भुगतान पर लगने वाले सरचार्ज में छूट देना है। जल्दी आएं, एकमुश्त भुगतान कर ज्यादा लाभ पाएं के सिद्धांत पर आधारित इस योजना के दूसरे और अंतिम चरण में 15 मई 2026 तक बकाया जमा करने पर 50 से 90 प्रतिशत तक सरचार्ज माफी दी जा रही है। योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल के पोर्टल portal.mpcz.in पर पंजीयन करना होगा। इसके अलावा उपाय ऐप, कॉमन सर्विस सेंटर और एमपी ऑनलाइन के माध्यम से भी रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध है। पंजीयन के दौरान घरेलू एवं कृषि उपभोक्ताओं को कुल बकाया राशि का 10 प्रतिशत, जबकि गैर घरेलू और औद्योगिक उपभोक्ताओं को 25 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी।







