आज से बदला रहेगा जवाहर चौक से डिपो जाने वाला रास्ता, घर से निकलने से पहले पढ़ें ट्रैफिक प्लान

आज से बदला रहेगा जवाहर चौक से डिपो जाने वाला रास्ता, घर से निकलने से पहले पढ़ें ट्रैफिक प्लान
भोपाल, यशभारत। राजधानी में मेट्रो रेल परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए यातायात पुलिस ने जवाहर चौक से भारत माता चौराहा के बीच ट्रैफिक डायवर्सन लागू किया है। अब डिपो की तरफ जाने वाले वाहन तो सीधे जा सकेंगे, लेकिन वापस आने वाले वाहनों को स्मार्ट रोड का सहारा लेना होगा।
वन-वे रहेगा हनुमान मंदिर से जवाहर चौक मार्ग
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के अनुसार, जवाहर चौक स्थित हनुमान मंदिर से लेकर डिपो चौराहा की ओर जाने वाला मार्ग पूर्व की तरह ही खुला रहेगा। यानी जवाहर चौक से डिपो की तरफ जाने वाले वाहन चालक पुराने रास्ते का उपयोग कर सकेंगे।
हालांकि, डिपो चौराहा से हनुमान मंदिर होकर जवाहर चौक की ओर जाने वाली एक तरफ की लेन को मेट्रो कार्य के चलते पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इस मार्ग के वाहनों को अब नए डायवर्सन रूट से गुजारा जाएगा।
यह रहेगा नया डायवर्सन रूट
डिपो चौराहा की ओर से आकर जो वाहन जवाहर चौक जाना चाहते हैं, उन्हें हनुमान मंदिर से बाएं मुड़ना होगा। यहाँ से वाहन चालक पानी की टंकी और नागेश्वर धाम मंदिर होते हुए अटल पथ के जरिए जवाहर चौक की ओर जा सकेंगे।
पुलिस की अपील: भारी रह सकता है दबाव
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे परिवर्तित मार्ग का पालन करें। चूंकि स्मार्ट रोड पर यातायात का दबाव बढ़ सकता है, इसलिए बहुत आवश्यक होने पर ही इस मार्ग का चयन करें। किसी भी प्रकार की असुविधा या जाम की स्थिति में पुलिस हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 या 2443850 पर संपर्क किया जा सकता है।







