भोपालमध्य प्रदेश

पुलिस की मजबूत होगी डिजिटल बीट, क्यूआर कोड स्कैन कर थाने तक पहुंचेगी शिकायत

पुलिस की मजबूत होगी डिजिटल बीट, क्यूआर कोड स्कैन कर थाने तक पहुंचेगी शिकायत

– जनसंवाद में दी सुरक्षा की सीख

भोपाल, यशभारत। राजधानी के शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र में पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम करने के लिए एक आधुनिक पहल की गई है। थाना प्रभारी उमेश पाल सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने वाजपेयी नगर मल्टी में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान तकनीक और जागरूकता के मेल से सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने पर जोर दिया गया।

क्यूआर कोड बनेगा जनता का हथियार
थाना प्रभारी ने वाजपेयी नगर मल्टी के विभिन्न ब्लॉकों में हेल्पलाइन नंबर और क्यूआर कोड चस्पा किए हैं। जनसंवाद के दौरान नागरिकों को जानकारी दी गई कि किसी भी प्रकार के अपराध या संदिग्ध गतिविधि की सूचना अब सीधे क्यूआर स्कैन करके दी जा सकती है। इससे न केवल सूचना गुप्त रहेगी, बल्कि पुलिस तक शिकायत भी चंद सेकंड में पहुंच जाएगी। थाना प्रभारी ने खुद क्यूआर स्कैन करने और उसका उपयोग करने की प्रक्रिया रहवासियों को समझाई।

साक्षात दिखा हेलमेट का चमत्कार
सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को गंभीर करने के लिए पुलिस ने एक जीवंत उदाहरण पेश किया। कार्यक्रम में शाहजहानाबाद थाने के उस आरक्षक को लोगों के सामने लाया गया, जो हाल ही में एक सड़क दुर्घटना का शिकार हुए थे, लेकिन हेलमेट की वजह से उनकी जान बच गई। थाना प्रभारी ने कहा, आज ये आरक्षक हमारे बीच सुरक्षित खड़े हैं तो सिर्फ हेलमेट की वजह से। अगर उस दिन सिर पर सुरक्षा कवच न होता तो बड़ा हादसा हो सकता था।

जनसहयोग से तीसरी आंख का पहरा
सुरक्षा को तकनीकी रूप से मजबूत करने के लिए शाहजहानाबाद पुलिस ने जनसहयोग के माध्यम से मल्टी में सीसीटीवी कैमरे लगवाना शुरू कर दिए हैं। कई चिन्हित और संवेदनशील स्थानों पर कैमरे लगाए जा चुके हैं, जिससे अब अपराधियों पर पैनी नजर रखी जा सकेगी।

इसके साथ ही, थाना प्रभारी ने साइबर अपराधों से बचने के तरीके बताए और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को सख्त हिदायत दी। इस पहल से स्थानीय रहवासियों में सुरक्षा का भाव जागा है और उन्होंने पुलिस की इस डिजिटल कार्यप्रणाली की सराहना की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button