जबलपुरमध्य प्रदेश

सुहानी लगने लगी सुबह की धूप शाम को अलाव की दरकार उत्तर की हवाओं से बढ़ी ठंडक

 औसत से 6 डिग्री नीचे पारा

जबलपुर यशभारत। उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं का असर अब साफ दिखाई देने लगा है। शहर में सुबह और शाम के समय ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। लोग सुबह की गुनगुनी धूप में राहत महसूस कर रहे हैं, वहीं शाम ढलते ही गलन बढ़ने से अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। शनिवार को सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री नीचे उतरकर 9.4 डिग्री दर्ज किया गया जबकि इस बीच आद्रता 74 प्रतिशत रही। मौसम विभाग के अनुसार हवाओं का रुख इस समय उत्तरी दिशा में बना हुआ है, जिसके कारण पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में ठंड के रूप में महसूस किया जा रहा है।

स्थानीय मौसम कार्यालय प्रभारी डी.के. तिवारी ने बताया कि आने वाले चार से पांच दिनों तक मौसम का यही रुख बना रहेगा और ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।.मौसम में आए इस बदलाव से शहरवासियों की दिनचर्या भी प्रभावित होने लगी है। सुबह-सुबह सड़क पर टहलने वालों की भीड़ कुछ कम दिख रही है, जबकि धूप निकलते ही पार्कों और गलियों में लोग कुर्सियां डालकर धूप सेंकते नजर आ रहे हैं। दूसरी ओर शाम होते ही गलन बढ़ने के कारण मोहल्लों और चौराहों पर अलाव जलाने का सिलसिला शुरू हो गया है।

बाजारों में भी सर्दी का असर दिखाई देने लगा है। ऊनी कपड़ों की दुकानों पर भीड़ बढ़ने लगी है और गरम कपड़ों, मफलर, टोपी और स्वेटर की बिक्री में तेजी आई है। चाय-नाश्ते के ठेलों और सूप की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ जुट रही है। नागरिकों का कहना है कि अब सर्दी ने पूरी तरह दस्तक दे दी है, और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button