पेंटीनाका फ्लाईओवर की लंबाई बढ़ी,एम्पायर तिराहा से गोराबाजार तक बनेगा
केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

जबलपुर, यश भारत । शहर के व्यस्त जबलपुर-मंडला मार्ग पर बनने वाला पेंटीनाका फ्लाईओवर अब और लंबा बनाया जाएगा। पहले यह फ्लाईओवर पेंटीनाका चौक से वायएमसीआर तक प्रस्तावित था, लेकिन अब इसे एम्पायर तिराहा से गोराबाजार के पास तक विस्तारित किया गया है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने संशोधित प्रस्ताव को प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह के निर्देश पर दोबारा सर्वे कर लंबाई बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था, जिसे केंद्र सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी। यह फ्लाईओवर सेतु बंधन योजना (CIRF) के तहत बनाया जाएगा। इसकी कुल लंबाई 1415 मीटर तथा पहुंच मार्ग 283 मीटर होगा, जबकि दोनों ओर 7.5 मीटर चौड़े सर्विस रोड भी बनाए जाएंगे। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 70 करोड़ रुपये रखी गई है। मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि इस मार्ग पर बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए फ्लाईओवर का विस्तार आवश्यक था, जिससे मंडला की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को सुगम आवागमन मिल सके।






