रमनगरा की राइजिंग लाइन में 15 दिन से जारी खराबी
निगम के दावों के बावजूद कई इलाकों में पानी का संकट

जबलपुर यश भारत। त्योहारों की चहल-पहल के बीच जबलपुर शहर के कई हिस्सों में पानी की भीषण किल्लत ने आम नागरिकों की चिंता बढ़ा दी है। 26 सितंबर को रमनगरा की मुख्य राइजिंग पाइपलाइन में आई खराबी को अभी तक पूरी तरह से ठीक नहीं किया जा सका है, जिससे शहर के अनेक इलाके लगातार जल संकट से जूझ रहे हैं। नगर निगम की ओर से फिलहाल कुछ टंकियों को भरकर बाईपास लाइन से आपूर्ति की जा रही है, लेकिन यह व्यवस्था सिर्फ आंशिक राहत दे पा रही है। कई क्षेत्रों में नल पूरी तरह सूखे हैं और टैंकर सेवा भी लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं पहुंच पा रही है।
एक और लीकेज का पता चला
गत दिनों पाइपलाइन में मरम्मत कार्य के बाद जब परीक्षण (टेस्टिंग) किया गया, तो एक और लीकेज का पता चला, जिससे सुधार कार्य अधूरा रह गया। अब निगम की टीम फिर से उस हिस्से की मरम्मत में जुटी हुई है, लेकिन यह कार्य कब तक पूरा होगा, इस पर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पानी की किल्लत से सबसे ज्यादा प्रभावित क्षेत्रों में शामिल हैं:रामनगर विजयनगर आधारताल सरस्वती कॉलोनी गोरखपुर रांझी आदि इन इलाकों में रहने वाले नागरिकों को पीने के पानी से लेकर घरेलू जरूरतों तक हर मोर्चे पर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दीपावली नजदीक, साफ-सफाई के काम में बाधा
दीपावली नजदीक है और शहरवासियों के घरों में साफ-सफाई, रंगाई-पुताई व सजावट का काम जोरों पर है। ऐसे में पानी की खपत सामान्य दिनों की तुलना में 25-30% अधिक हो जाती है। लेकिन मांग बढ़ने के साथ आपूर्ति में लगातार गिरावट ने हालात को और बदतर बना दिया है।
निगम का दावा है कि टैंकरों से प्रभावित इलाकों में जल वितरण किया जा रहा है, लेकिन स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह सेवा बेहद सीमित, अनियमित और देर से पहुंचने वाली है।कई जगहों पर महिलाएं और बुजुर्ग घंटों इंतज़ार के बाद भी खाली बर्तन लेकर लौटने को मजबूर हो रहे हैं। स्थानीय निवासी प्रशासन से नाराज़ हैं और लगातार स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि यदि पाइपलाइन में बार-बार लीकेज हो रहा है, तो यह मरम्मत की गुणवत्ता और निगरानी पर भी सवाल उठाता है।







