भोपालमध्य प्रदेश

जे पी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर कलेक्टर की सख्ती, सफाई और उपचार गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

जे पी अस्पताल की व्यवस्थाओं पर कलेक्टर की सख्ती, सफाई और उपचार गुणवत्ता सुधारने के निर्देश

भोपाल यश भारत। राजधानी के जयप्रकाश जिला चिकित्सालय में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा मंगलवार शाम अचानक निरीक्षण पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं, साफ सफाई और प्रबंधन प्रणाली की गहन समीक्षा की तथा कई अहम निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मेडिकल वार्ड, पीडियाट्रिक आईसीयू, आईसीटीसी सेंटर, ओपीडी, महिला रोग विभाग और शौचालयों का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों से सीधे बातचीत कर उपचार की स्थिति का फीडबैक लिया और डॉक्टरों को निर्देश दिए कि हर मरीज के इलाज का नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए तथा केस शीट में पूरी जानकारी दर्ज की जाए। अस्पताल परिसर में गंदगी को लेकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। वॉश बेसिन में गुटखा पान की पीक और शौचालयों की खराब हालत पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि अस्पताल में स्वच्छता से किसी तरह का समझौता नहीं होगा। स्टाफ की पहचान सुनिश्चित करने के लिए कलेक्टर ने सभी कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड और ड्रेस कोड में ड्यूटी करने के निर्देश दिए। स्ट्रेचर पर गंदी चादर मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए लिनन धुलाई और बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों को नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी उन्होंने सतर्कता बरतने को कहा और फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग के लिए स्टाफ को समय-समय पर प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए। अस्पताल के नए भवन का निरीक्षण करते हुए नाले को ढंकने के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया। वहीं परिसर में खड़ी पुरानी और अनुपयोगी गाड़ियों को जल्द हटाने के निर्देश भी दिए गए। भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए वेटिंग एरिया में कूलर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित फीडबैक सिस्टम लागू करने को कहा। इस दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष शर्मा, सिविल सर्जन डॉ. संजय जैन, एसडीएम अर्चना शर्मा और आरएमओ डॉ. प्रमेंद्र शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button