
‘लव एंड वॉर’ के सेट पर टेक्नीशियन की मौत
मुंबई, यश भारत मुंबई की फिल्म सिटी में प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक संजय लीला भंसाली की बहुचर्चित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ के सेट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। इस हादसे में फिल्म के तकनीकी विभाग से जुड़े कर्मचारी चंद्रधारी यादव की बिजली का झटका लगने से मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय फिल्म की प्रमुख अभिनेत्री आलिया भट्ट भी सेट पर मौजूद थीं। वहीं फिल्म के मुख्य कलाकार रणवीर सिंह और विक्की कौशल इस महत्वाकांक्षी परियोजना का हिस्सा हैं। हादसे की खबर मिलते ही फिल्म यूनिट के सदस्य और अन्य कर्मचारी स्तब्ध रह गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक चंद्रधारी यादव लंबे समय से फिल्म उद्योग में तकनीकी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। उनकी असामयिक मृत्यु से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अपने पीछे वह पत्नी और दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं, जिनका अब जीवनयापन एक बड़ी चुनौती बन गया है।
इस दुखद घटना के बाद फिल्म कर्मियों से जुड़ी संस्था ने चंद्रधारी यादव के परिवार को 40 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि वे पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं और भविष्य में भी हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।







