शिक्षक ने फेंका डस्टर, छात्रा का सिर फूटा; घटना छिपाने का भी आरोप

जबलपुर, यशभारत। गढ़ा स्थित रानी दुर्गावती कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला पीएमश्री स्कूल में एक सातवीं कक्षा की छात्रा के साथ शिक्षक द्वारा कथित तौर पर डस्टर फेंककर मारने का मामला सामने आया है। डस्टर सिर पर लगने से छात्रा घायल हो गई और खून निकलने लगा। परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद शिक्षक ने मामले को दबाने का प्रयास किया और बच्ची को घर में घटना की जानकारी नहीं देने के लिए डराया-धमकाया। छात्रा ने घर पहुंचकर जब माता-पिता को पूरी बात बताई तो परिजन उसे उपचार के लिए डॉक्टर के पास ले गए। घटना को लेकर परिजनों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार गढ़ा बावली निवासी अजय कोष्टा की बेटी राधा कोष्टा रानी दुर्गावती कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला पीएमश्री स्कूल में कक्षा सातवीं की छात्रा है। बुधवार को स्कूल में शिक्षक आशीष जैन द्वारा कथित रूप से छात्रा की ओर डस्टर फेंका गया, जो उसके सिर में लगा। चोट लगने से सिर से खून निकलने लगा।
खून निकलता रहा, फिर भी घटना छिपाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि छात्रा के घायल होने के बाद भी मामले को गंभीरता से लेने के बजाय घटना को छिपाने का प्रयास किया गया। बच्ची को कथित तौर पर डराया-धमकाया गया कि वह घर जाकर घटना की जानकारी न दे। डरी-सहमी छात्रा घर पहुंची और उसने माता-पिता को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन उसे तत्काल डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे और उसका उपचार कराया।
परिजन पहुंचे थाने, पुलिस ने शुरू की जांच
बच्ची के साथ हुई घटना से नाराज परिजन संजीवनी नगर थाने पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने परिजनों के आरोपों के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्कूल में घटना के दौरान मौजूद रहे लोगों और संबंधित पक्षों से पूछताछ कर सकती है।
शिक्षा विभाग ने भी लिया संज्ञान
मामले को संयुक्त संचालक शिक्षा विभाग घनश्याम सोनी ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने शिक्षक आशीष जैन को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। उनका कहना है कि मामले की जांच के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।







