सूर्या हाफ मैराथन की झलक दिखी सूर्यवीर रन में, स्टेडियम से एक हजार धावकों ने लगाई 4 कि.मी की दौड़

जबलपुर यश भारत।मुख्यालय मध्य भारत एरिया के तत्वावधान में आगामी 22 नवंबर माह में होने वाली 4 थी सूर्या हाफ मैराथन रन के पूर्व रविवार को सुबह साढ़े सात बजे से सूर्यवीर रन का आयोजन किया गया। जिसमें एक हजार युवा युवती बुजुर्गों ने सेना के जवानों के साथ जोश खरोश के साथ हिस्सा लिया।इस आयोजन में नगर निगम की भी भागीदारी रही। जिसमें महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू भी धावकों का उत्साह बढ़ाने के लिए उपस्थित रहे।
सुबह साढ़े सात बजे सूर्य वीर रन को सांसद आशीष दुबे, विधायक अशोक रोहाणी के साथ चीफ आफ स्टाफ मेजर जनरल संजय गौतम, ब्रिगेडियर मल्होत्रा, बिग्रेडियर साम्याल ने झंडी दिखाकर रवाना किया। सेना की ओर से लेफ्टिनेंट कर्नल सी एस मैनी ने बताया कि सूर्य वीर रन प्रति वर्ष सेना की ओर से आयोजित सूर्या हाफ मैराथन दौड़ का प्रो इवेंट है।जिसका उद्देश्य बर्न फेट नाट फ्यूल के साथ नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली, एकता और राष्ट्र गौरव का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
कर्नल मैनी ने बताया कि आज की दौड़ में पंजीकृत और अपंजीकृत सभी धावकों ने भागीदारी की। सूर्या हाफ मैराथन में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों के लिए 12 नवंबर तक आन लाइन पंजीयन कराया जा सकता है। सूर्या हाफ मैराथन दौड़ में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय धावकों के साथ देश के विभिन्न हिस्सों से प्रतिभागी शामिल होने जा रहे हैं। 4 किलोमीटर की दौड़ स्टेडियम से शुरू होकर तीन पत्ती,नौदरा ब्रिज, जबलपुर हास्पिटल के सामने से होते हुए शास्त्री ब्रिज चौक,पुराना बस स्टैंड और गौ माता चौक होते हुए पुनः स्टेडियम में समाप्त हुई। इस मौके पर सूर्या चाय की ओर से धावकों का गरमागरम चाय के साथ स्वागत किया गया।







