बड़ेरिया ग्लोबल इंजीनियरिंग कॉलेज में अंतरराष्ट्रीय फिडे रैपिड रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का सफल समापन
विजेताओं को कुल ₹2,22,222 की नकद पुरस्कार राशि वितरित की गई

जबलपुर। बड़ेरिया ग्लोबल इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फिडे रैपिड रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का रविवार को सफल समापन हो गया। प्रतियोगिता में देश के 20 राज्यों से लगभग 410 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। विजेताओं को कुल ₹2,22,222 की नकद पुरस्कार राशि वितरित की गई।
प्रतियोगिता में राजस्थान के फिडे मास्टर अरुण कटारिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। समापन समारोह में विभिन्न वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को 50 से अधिक पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए। वहीं, उत्कृष्ट आयोजन के लिए बड़ेरिया ग्लोबल इंजीनियरिंग कॉलेज को बेस्ट कॉलेज कैटेगरी का अवार्ड भी दिया गया।
समापन समारोह में बड़ेरिया ग्रुप के संस्थापक शंभू दयाल बड़ेरिया, ग्लोबल कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. राजीव खत्री, डिप्टी डायरेक्टर डॉ. निहारिका यादव, रजिस्ट्रार डॉ. पूर्णानंद दुबे, प्रतियोगिता के आयोजक उत्कर्ष अग्रवाल, स्पोर्ट्स ऑफिसर भगवान सिंह एवं ममता पांडे सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर आयोजकों ने निर्णायकों, कोच, स्वयंसेवकों, आयोजन समिति, मीडिया प्रतिनिधियों, अभिभावकों तथा देशभर से आए खिलाड़ियों का आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती हैं और खेल संस्कृति को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय फिडे रैपिड रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता के सफल समापन की घोषणा की गई।







