सिक्योरिटी मनी लौटाने के एवज में रिश्वत लेने वाले रेलवे सेक्शन इंजीनियर को सीबीआई कोर्ट में पेश किया गया
सीबीआई ने मांगी पांच दिन की रिमांड

जबलपुर,यशभारत। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की जबलपुर टीम ने रेलवे के एक सेक्शन इंजीनियर को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी अधिकारी नारायण सिंह बुंदेला को सागर में कार्रवाई के बाद जबलपुर लाया गया, जहां सीबीआई कोर्ट में पेश किया। जहा सीबीआई ने पांच दिन की रिमांड मांगी है।
सीबीआई सूत्रों के अनुसार सागर रेल खंड में गिट्टी सप्लाई करने वाले एक ठेकेदार ने कार्य पूर्ण होने के बाद विभाग में जमा अपनी सुरक्षा राशि (सिक्योरिटी मनी) वापस मांगी थी। आरोप है कि राशि जारी करने के बदले सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला ने एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की। ठेकेदार द्वारा रिश्वत देने से इंकार करने पर अधिकारी ने सुरक्षा राशि लौटाने से मना कर दिया।
इसके बाद ठेकेदार ने मामले की शिकायत सीबीआई जबलपुर से की। शिकायत की जांच और सत्यापन के बाद सीबीआई ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत आरोपी अधिकारी ने ठेकेदार को सागर स्थित एक होटल में रिश्वत की रकम लेकर बुलाया। गुरुवार देर रात जैसे ही ठेकेदार ने एक लाख रुपये की राशि अधिकारी को सौंपी, पहले से तैनात सीबीआई टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सीबीआई ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।







