छात्र ने जहर खाकर दी जान, दोस्त को फोन कर कहा- मैं घर आ रहा हूँ

छात्र ने जहर खाकर दी जान, दोस्त को फोन कर कहा- मैं घर आ रहा हूँ
भोपाल, यशभारत। राजधानी के टीटी नगर इलाके में रहने वाले एक 22 वर्षीय बीटेक छात्र द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान हिमांशु लोवंशी के रूप में हुई है। छात्र ने शनिवार रात जहर खाने के बाद अपने दोस्त को फोन कर अपनी लोकेशन बताई थी, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान रविवार सुबह उसकी मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हिमांशु शनिवार रात को घर से बाहर था। रात के समय उसने जहरीला पदार्थ खा लिया और फिर अपने एक करीबी दोस्त को फोन लगाया। फोन पर हिमांशु ने कहा कि उसने कुछ खा लिया है और वह इस वक्त हबीबगंज इलाके में है। जब दोस्त ने घबराकर उसकी स्थिति जाननी चाही, तो हिमांशु ने कहा कि वह ठीक है और खुद घर पहुँच जाएगा।
परिजन जब हिमांशु को लेकर अस्पताल पहुँचे, तो उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी। डॉक्टरों ने उसे बचाने की काफी कोशिश की, लेकिन शरीर में जहर फैल जाने के कारण रविवार सुबह उसने अंतिम सांस ली।
टीटी नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक छात्र के पास से फिलहाल कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। वही खुदकुशी के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।पुलिस छात्र के मोबाइल कॉल डिटेल्स (CDR) खंगाल रही है और उसके दोस्तों व परिजनों के बयान दर्ज कर रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि छात्र किसी शैक्षणिक दबाव में था या इसके पीछे कोई निजी कारण है।







