पानी पर सख्ती भोपाल में 133 सैंपल जांचे, 55 पाइपलाइन लीकेज दुरुस्त

पानी पर सख्ती भोपाल में 133 सैंपल जांचे, 55 पाइपलाइन लीकेज दुरुस्त
भोपाल यश भारत। राजधानी भोपाल में स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। पानी की गुणवत्ता जांच, पाइपलाइन लीकेज सुधार और शिकायतों के त्वरित निराकरण को लेकर शुक्रवार को शहर भर में व्यापक कार्रवाई की गई। भोपाल नगर निगम की टीमों ने झुग्गी बस्तियों सहित विभिन्न इलाकों से कुल 133 स्थानों पर जल के नमूने एकत्र किए। इन नमूनों की जांच निगम की 8 परीक्षण शालाओं में कराई जा रही है जहां पानी की गंध, रंग, स्वाद, रेसिडुअल क्लोरीन, पीएच स्तर, टरबीडिटी और बैक्टीरिया की उपस्थिति की जांच की जा रही है। इसके साथ ही निगम अमले ने शहर में 55 स्थानों पर पाइपलाइन लीकेज को दुरुस्त किया जिससे जल बर्बादी रोकने और सप्लाई में सुधार लाने की कोशिश की गई। सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों में से 18 का समाधान भी किया गया।
यह अभियान महापौर मालती राय के निर्देश और निगम आयुक्त संस्कृति जैन द्वारा संचालित किया जा रहा है। नगर निगम के अनुसार अब तक कुल 16,963 जल नमूनों की जांच की जा चुकी है जबकि 4,177 पाइपलाइन लीकेज सुधारे गए हैं। इसके अलावा 12,080 सीवेज चेम्बरों की सफाई भी कराई जा चुकी है। नगर निगम का दावा है कि इस अभियान के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के साथ ही जल आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाया जा रहा है।







