संदेशखाली में STF की बड़ी कार्रवाई, टीएमसी नेता के तालाब से हथियारों का जखीरा बरामद
हथियार बरामदगी पर बंगाल की राजनीति गरमाई, भाजपा ने टीएमसी को घेरा

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के संदेशखाली में शनिवार को राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेता के ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान एक तालाब से भारी मात्रा में हथियार और कारतूस बरामद किए गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ की टीम ने शनिवार सुबह संदेशखाली क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान टीएमसी के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष रॉबिन दास के स्वामित्व वाले तालाब से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया | हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही रॉबिन दास और उनके भाई गोपाल दास मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई गिरफ्तार टीएमसी नेता शेख शाहजहां के करीबी माने जाते हैं।
छापेमारी के दौरान एसटीएफ ने दास बंधुओं के आवास और आसपास के क्षेत्रों में भी तलाशी ली। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन हथियारों को इलाके में अशांति फैलाने के उद्देश्य से जमा किया गया था। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक जांच जारी है।
ऑपरेशन के दौरान केंद्रीय पुलिस बल के जवान भी एसटीएफ के साथ मौजूद रहे। हथियार बरामद होने के बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है| स्थानीय स्तर पर दास बंधुओं पर लंबे समय से लोगों के साथ दुर्व्यवहार और दबाव बनाने के आरोप लगते रहे हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर रही है।
इस घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। भाजपा नेता सजल घोष ने टीएमसी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल, पुलिस बरामद हथियारों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।







