भोपाल में एमडी ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार, राजस्थान से जुड़े हैं तार

भोपाल में एमडी ड्रग्स के साथ तस्कर गिरफ्तार, राजस्थान से जुड़े हैं तार
भोपाल, यशभारत। राजधानी की टीटी नगर थाना पुलिस ने चेकिंग और मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 30 हजार रुपये मूल्य की 4 ग्राम 70 मिलीग्राम एमडी (मेफेड्रोन) ड्रग्स और नगदी जब्त की है।
उपनिरीक्षक राघवेंद्र सिंह ने बताया कि 18 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि राम मंदिर टीटी नगर स्टेडियम के पास एक युवक अवैध एमडी ड्रग्स बेचने के इरादे से किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर योजनाबद्ध तरीके से घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को धर दबोचा।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीरज विश्नोई उम्र 24 वर्ष साल निवासी कटारा हिल्स भोपाल बताया, जो मूल रूप से ग्राम कैरिया, तहसील चितलवाना, जिला जालौर (राजस्थान) का रहने वाला है। तलाशी लेने पर उसके पास से पारदर्शी पॉलिथीन में रखी एमडी ड्रग्स और 200 रुपये नकद बरामद हुए।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह यह नशीला पदार्थ राजस्थान के जालौर जिले से लेकर आया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में राजस्थान से जुड़े मुख्य सप्लायर की तलाश के लिए पुलिस की एक विशेष टीम गठित कर जांच शुरू कर दी गई है।







