भोपालमध्य प्रदेश

स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को दिन में बिजली उपयोग पर मिल रही 20% तक की छूट, देखें क्या करना होगा

स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को दिन में बिजली उपयोग पर मिल रही 20% तक की छूट, देखें क्या करना होगा

भोपाल, यशभारत। बढ़ती बिजली दरों और भारी भरकम बिलों से परेशान बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी अपने स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को बिजली बिल में 20 प्रतिशत तक की विशेष छूट प्रदान कर रही है। यह छूट टाइम ऑफ डे टैरिफ व्यवस्था के तहत दिन के समय (सोलर आवर्स) यानी सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे के बीच बिजली का उपयोग करने पर दी जा रही है।

कंपनी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अगस्त 2026 में भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के 16 जिलों के लगभग 9.77 लाख स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को इस योजना का प्रत्यक्ष लाभ मिला है। इसके तहत उपभोक्ताओं के बिलों में कुल 10.53 करोड़ रुपये से अधिक की राहत राशि समायोजित की गई। इसमें भोपाल रीजन के करीब 7.95 लाख उपभोक्ताओं को 7.80 करोड़ रुपये और ग्वालियर रीजन के 1.82 लाख उपभोक्ताओं को 2.72 करोड़ रुपये की छूट मिली है।

दिन में बिजली इस्तेमाल कर बचाएं पैसे
कंपनी की इस योजना का मुख्य उद्देश्य सौर ऊर्जा की उपलब्धता वाले घंटों (सुबह 9 से शाम 5) में बिजली खपत को बढ़ावा देना है। यह छूट 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड वाले सभी पात्र स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए लागू है। यदि उपभोक्ता अपने भारी बिजली उपकरणों (जैसे मोटर, वॉशिंग मशीन आदि) का संचालन दिन के निर्धारित समय में करें, तो वे अपने ऊर्जा प्रभार में सीधी बचत कर सकते हैं।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक ऋषि गर्ग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे आधुनिक स्मार्ट मीटर तकनीक को अपनाएं। उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता मोबाइल ऐप के जरिए अपनी वास्तविक समय की खपत पर नजर रख सकते हैं, जिससे ऊर्जा का बेहतर प्रबंधन और आर्थिक बचत संभव है।

सहायता के लिए संपर्क करें
स्मार्ट मीटर, ToD टैरिफ या बिलिंग से संबंधित किसी भी जानकारी अथवा सहायता के लिए उपभोक्ता कंपनी के हेल्पलाइन नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा ईमेल Smartmeteringcellbhopal@gmail.com के माध्यम से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button