भोपाल में अब देर रात तक नहीं खुलेंगी दुकानें, उल्लंघन पर होगी सीधी कार्रवाई

भोपाल में अब देर रात तक नहीं खुलेंगी दुकानें, उल्लंघन पर होगी सीधी कार्रवाई
भोपाल, यशभारत। राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए पुलिस प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि शहर के सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान और दुकानें अब देर रात तक नहीं खुली रहेंगी। उन्हें प्रशासन द्वारा निर्धारित समय सीमा पर ही अनिवार्य रूप से बंद करना होगा।
सुरक्षा और शांति के लिए लिया गया निर्णय पुलिस कमिश्नर के अनुसार, अक्सर यह देखा गया है कि देर रात तक दुकानें और खान-पान के आउटलेट्स खुले रहने से सड़कों पर अवांछित तत्वों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होती है। रात्रि में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नियंत्रण पाने और अपराधों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था लागू की जा रही है।
गश्त बढ़ाने के निर्देश इस आदेश के बाद अब सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस की टीमें यह सुनिश्चित करेंगी कि तय समय के बाद बाजारों में सन्नाटा रहे और कोई भी दुकान खुली न मिले।
इनका कहना है..
तय समय के बाद दुकानें खुली पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सभी व्यापारी शासन के नियमों का पालन कर प्रशासन का सहयोग करें।
संजय कुमार, पुलिस कमिश्नर, भोपाल







