शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की वंदे मातरम् कोस्टल साइक्लोथॉन-2026 को दी शुभकामनाएं

शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ की वंदे मातरम् कोस्टल साइक्लोथॉन-2026 को दी शुभकामनाएं
भोपाल,यशभारत। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल प्रवास के दौरान हवाई अड्डे पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों का उत्साहवर्धन किया। मंत्री ने बल द्वारा आयोजित की जाने वाली वंदे मातरम् कोस्टल साइक्लोथॉन-2026′ के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए इसे राष्ट्र भक्ति से ओत-प्रोत एक अभिनव पहल बताया।
हवाई अड्डे पर सीआईएसएफ कर्मियों से चर्चा करते हुए चौहान ने अनुशासन और शारीरिक फिटनेस के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक सैनिक का अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण ही देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को अभेद्य बनाता है। मंत्री ने जवानों को प्रेरित करते हुए कहा कि देशभक्ति केवल सीमाओं पर ही नहीं, बल्कि अपने कर्तव्य के प्रति ईमानदारी और निरंतर सेवा भाव में भी निहित है।
तटीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता है समय की मांग
साइक्लोथॉन के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वंदे मातरम् कोस्टल साइक्लोथॉन तटीय सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का एक अत्यंत सराहनीय माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह आयोजन न केवल सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का संदेश देगा, बल्कि देशभर में राष्ट्रीय एकता और अखंडता को भी बढ़ावा देगा।






