गेम खेलने के लिए मोबाइल मांगती थी, बेरहम पिता ने 4 साल की मासूम को मार डाला; समुद्र में मिली लाश

मुंबई के ससून डॉक के पास मंगलवार सुबह समुद्र में एक चार साल की बच्ची का शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस जांच में सामने आया कि उसके सौतेले पिता इमरान शेख ने ही गुस्से में उसकी हत्या कर शव को समुद्र में फेंक दिया। बच्ची की पहचान अमायरा इमरान शेख के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, इमरान शेख अपनी सौतेली बेटी के मोबाइल पर गेम खेलने की आदत से बेहद परेशान था। अमायरा देर रात 3 बजे तक मोबाइल मांगती रहती थी। सोमवार रात, इमरान उसे बाइक पर लेकर दक्षिण मुंबई गया। वहां एक सुनसान जगह पर उसने बच्ची का गला घोंट कर उसे मौत के घाट उतार दिया और फिर शव को समुद्र में फेंक दिया।
मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे, एक मछुआरे गोपी धनु ने ससून डॉक के पास पानी में एक बच्ची का शव तैरता देखा। उन्होंने तुरंत कोलाबा पुलिस को सूचना दी। बच्ची को सेंट जॉर्ज अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित किया गया। बाद में शव को जे.जे. अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि सोमवार रात को ही एंटॉप हिल पुलिस स्टेशन में बच्ची के गायब होने की रिपोर्ट दर्ज की गई थी, जो खुद इमरान और उसकी पत्नी नाजिया शेख ने दर्ज करवाई थी। उन्होंने कहा था कि अमायरा खेलने के लिए बाहर गई थी और वापस नहीं लौटी। लेकिन जब पुलिस ने शव की जानकारी सभी थानों में साझा की और नाजिया को शव दिखाया, तो उन्होंने पुष्टि की कि यह उनकी बेटी अमायरा है। इसके बाद पुलिस को इमरान पर शक हुआ। शव मिलने के बाद उसने अपना मोबाइल बंद कर दिया और फरार हो गया।
मंगलवार रात को इमरान को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
नाजिया शेख की पहली शादी से चार बच्चे हैं और उन्होंने 18 महीने पहले तलाक लिया था। इमरान शेख की पहली पत्नी सायना की एक महीने पहले मृत्यु हुई थी और उसके भी तीन बच्चे हैं। नाजिया और इमरान ने 25 मार्च को शादी की थी और दोनों परिवार एक साथ रह रहे थे। नाजिया एक निजी फर्म में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करती है, जबकि इमरान बेरोजगार है और घर पर रहता है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “इमरान पहले शिकायत दर्ज करवाने में साथ था, लेकिन जब शव मिला तो वह तुरंत फरार हो गया। इस मामले में अब हत्या की पुष्टि हो चुकी है।”






