तेरहवीं के भोज में घुसा सीवेज का पानी, भोजन छोड़ उठे लोग; वाजपेयी नगर मल्टी का मामला, देखें वीडियों

तेरहवीं के भोज में घुसा सीवेज का पानी, भोजन छोड़ उठे लोग; वाजपेयी नगर मल्टी का मामला, देखें वीडियो
नशे में धुत नगर निगम कर्मचारियों की लापरवाही: पूर्व सूचना के बाद भी ऐन वक्त पर खोला नल, अवैध वसूली और धमकी से रहवासी पस्त
भोपाल, यशभारत। राजधानी के नगर निगम जोन क्रमांक 2 अंतर्गत वार्ड नंबर 10 स्थित वाजपेयी नगर मल्टी में नगर निगम के नल ऑपरेटरों (वालमेन) की घोर लापरवाही और अमानवीय रवैये से रहवासियों में भारी आक्रोश है। ड्यूटी के दौरान नशे में धुत कर्मचारियों की करतूत के कारण एक निर्धन परिवार के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम की मर्यादा तार-तार हो गई। समय पर नल न खोलने और ऐन वक्त पर सीवेज का गंदा पानी बहने से तेरहवीं के पंडाल में बदबूदार पानी भर गया, जिससे भोजन कर रहे लोगों को बीच में ही उठना पड़ा।

रहवासी सुमित भोमारे ने आपबीती बताते हुए कहा कि शुक्रवार को उनके दादा जी की तेरहवीं का कार्यक्रम घर के सामने रखा गया था। क्षेत्र में नल खोलते ही सीवेज का पानी सड़कों पर बहने की समस्या पहले से है, जिसकी शिकायतें कई बार की जा चुकी हैं। आयोजन को देखते हुए वाजपेयी नगर मल्टी की टंकी पर तैनात वालमेन अंशू और विवेक मालवीय को दो दिन पूर्व ही मौखिक सूचना देकर निवेदन किया गया था कि पानी समय पर या थोड़ा पहले खोल दें। इसके बावजूद नशे में धुत दोनों कर्मचारियों ने ठीक उसी समय नल खोल दिया जब लोग भोजन कर रहे थे। देखते ही देखते सीवेज का बदबूदार पानी सीधे पंडाल में जा घुसा और लोगों की थालियों तक पहुँचने लगा, जिससे गुस्साए लोग खाना छोड़कर उठ गए।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि मल्टियों में पीने के पानी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है और लोग सीवेज मिला पानी पीने को मजबूर हैं। नगर निगम द्वारा जलापूर्ति व रखरखाव की सुविधा निःशुल्क होने के बावजूद ये कर्मचारी समय पर नल खोलने और पाइपलाइन सुधारने के नाम पर अवैध वसूली करते हैं। जब भी कोई रहवासी इसका विरोध करता है या शिकायत की बात कहता है, तो दोनों वालमेन शराब के नशे में गाली-गलौज करते हैं और शासकीय कार्य में बाधा डालने का झूठा मामला दर्ज कराने की धमकी देते हैं।
औचक मेडिकल जांच और बर्खास्तगी की उठी मांग
घटना से आक्रोशित क्षेत्रीय रहवासियों ने नगर निगम प्रशासन और उच्च अधिकारियों से मांग की है कि रात्रिकालीन व दैनिक ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों का औचक मेडिकल एवं अल्कोहल टेस्ट कराया जाए। रहवासियों ने चेतावनी दी है कि मनमानी करने वाले और नशे में धुत रहने वाले ऐसे गैर जिम्मेदार कर्मचारियों को तत्काल सेवा से पृथक किया जाए। यदि जल्द ही सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो क्षेत्रवासी नगर निगम के खिलाफ उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।







