कटनी

पड़ोसी ने महिला पर कुल्हाड़ी से किया हमला, हाथ में गंभीर चोट, मामूली विवाद को लेकर वारदात

कटनी/शाहनगर, यशभारत। शाहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम इमलिया में पड़ोसी महिला पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में मुन्नी बाई आदिवासी के हाथ में गंभीर चोट आई है। घायल महिला को उपचार के लिए सीएचसी शाहनगर लाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय कटनी रिफर किया गया है। घायल मुन्नी बाई आदिवासी ने बताया कि उसके पड़ोस में सुखचेन आदिवासी पिता जग्गू आदिवासी रहता है। महिला के अनुसार कुछ समय पहले रात में सुखचेन और उसकी पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान सुखचेन द्वारा पत्नी के साथ मारपीट किए जाने के बाद उसकी पत्नी रात में मुन्नी बाई के घर आकर रुक गई थी। मुन्नी बाई का आरोप है कि इसी बात को लेकर सुखचेन आदिवासी उससे नाराज था। शुक्रवार को उसने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके हाथ में गंभीर चोट आई है। महिला के मुताबिक उसके हाथ में दो जगह चोट लगी है और हड्डी टूटने की बात बताई गई है। घटना के बाद घायल महिला ने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 वाहन में तैनात जितेंद्र तिवारी एवं साथी पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहनगर पहुंचाया। सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात डॉ. आशीष तिवारी ने घायल महिला का प्राथमिक उपचार किया। हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय कटनी रिफर कर दिया गया। शाहनगर पुलिस द्वारा मामले की जांच एवं विवेचना की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button