पेंचवर्क से सुधारेंगे सडक़ें, दिसम्बर के बाद सीवर के जख्मों का इलाज, शहर में अतिक्रमण, बेतरतीब यातायात सहित कई समस्याओं पर काम कर रहा नगर निगम , कमिश्नर तपस्या परिहार से यशभारत की बातचीत

कटनी, यशभारत। बारिश की वजह से शहर के अंदरूनी मार्गों से लेकर मुख्य मार्गों की सडक़ खराब हो चुकी है। सडक़ों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद इन गड् ढों को भरने के लिए पेंचवर्क का काम कराया जाएगा। इसके लिए इस्टीमेट तैयार कर लिया गया है। इसके अलावा चाका से लेकर पीरबाबा तक सडक़ निर्माण के लिए भी राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। स्वीकृति मिलते ही काम कराया जाएगा। सुगम आवागमन के लिए नगर निगम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह जानकारी नगर निगम आयुक्त श्रीमती तपस्या परिहार ने यशभारत से बातचीत करते हुए दी।
निगमायुक्त श्रीमती तपस्या परिहार ने सीवर लाइन, अतिक्रमण, यातायात सहित कई अन्य मुद्दों पर बात की। उन्होंने बताया कि अमृत 1 योजना के तहत सीवर लाइन का काम दिसम्बर तक पूरा होने की उम्मीद है, जबकि अमृत 2.0 का काम चलता रहेगा। सीवर लाइन निर्माण की वजह से लोगों को हो रही परेशानियों के सवाल पर निगमायुक्त का कहना था कि यह सही बात है कि सीवर लाइन ठेकेदार की लेटलतीफी की वजह से लोग परेशान है लेकिन जिन स्थानों पर सीवर लाइन का काम चल रहा है, वहां ठेकेदार को आवागमन के लिए उपयुक्त बनाने के लिए कहा गया है। लक्ष्मी पान भंडार से लेकर झर्रा टिकुरिया और यहां से आयुध निर्माणी एवं कटनी साऊथ स्टेशन मार्ग की दुर्दशा को लेकर उन्होंने जानकारी देते हुए बताया सीवर लाइन के लिए कम से कम तीन बारिश आवश्यक होती है। जिसकी वजह से फिलहाल सडक़ निर्माण नहीं हो पाएगा लेकिन लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए प्रयास किए जा रहे है।
सुगम यातायात के लिए सभी का सहयोग जरूरी
नगर निगम आयुक्त श्रीमती तपस्या परिहार ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए जनसहयोग आवश्यक है। शहर के मुख्य मार्ग दिलबहार चौक से सुभाष चौक तक की सडक़ काफी चौड़ी है लेकिन यहां दुकानदारों द्वारा अपनी दुकान के बाहर सामग्री रखे जाने की वजह से यातयात बाधित हो रहा है। अतिक्रमण दस्ते द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। दुकानदारों पर जुर्माने की कार्रवाई भी की जा रही है, लेकिन इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हट रहा। अब नगर निगम प्रशासन द्वारा न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किए जा रहे हैं। निगमायुक्त ने कहा कि यदि दुकानदार अपनी हद में सामान रखें तो यातायात सुगम हो सकता है।
तीन हॉकर्स जोन का प्रस्ताव
निगमायुक्त ने बताया कि शहर में हर दिन ठेलों की तादात बढ़ रही है। मुख्य मार्गों पर ठेलों और फुटकर दुकानदारों की वजह से यातायात प्रभावित होता है, इसको लेकर नगर निगम प्रशासन द्वारा तीन स्थानों पर हॉकर्स जोन बनाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। हॉकर्स जोन बनने के बाद कुछ फुटकर दुकानदारों को यहां शिफ्ट किया जाएगा। बाजार को व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।






