पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा दावों की खुली पोल: मनुआभान टेकरी पर मीडियाकर्मी पर चाकू से हमला, सोने के जेवर और मोबाइल लूटे

पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा दावों की खुली पोल: मनुआभान टेकरी पर मीडियाकर्मी पर चाकू से हमला, सोने के जेवर और मोबाइल लूटे
भोपाल,यशभारत। राजधानी का प्रमुख पर्यटन स्थल मनुआभान टेकरी एक बार फिर अपराधियों का अड्डा साबित हो रहा है। गुरुवार रात बेखौफ बदमाशों ने लालघाटी स्थित टेकरी पर सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ाते हुए एक मीडियाकर्मी और उनकी महिला मित्र को निशाना बनाया। बदमाशों ने न सिर्फ चाकू दिखाकर मित्र को लूटा, बल्कि विरोध करने पर हमला कर मीडियाकर्मी को लहुलूहान कर दिया।
पुलिस गश्त की नाकामी: एकांत देखकर बोला हमला
घटना रात करीब 8:30 बजे की है, जब एमपी नगर निवासी और मूल रूप से देहरादून निवासी 23 वर्षीय हर्ष शर्मा अपनी महिला मित्र के साथ टेकरी पर मौजूद थे। हर्ष इंदिरा प्रेस कॉम्प्लेक्स स्थित एक मीडिया संस्थान में कार्यरत हैं। टेकरी पर सुरक्षाकर्मियों और पुलिस गश्त के अभाव का फायदा उठाकर बाइक सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे।
बदमाशों ने चाकू की नोक पर पूरी तरह दहशत फैला दी और महिला मित्र के सोने के टॉप्स, सोने की चेन और मोबाइल फोन छीन लिए।
बीच-बचाव पर धारदार हथियार से वार
लूटपाट का विरोध करने पर बेखौफ बदमाशों ने हर्ष पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उनके हाथ पर गंभीर चोट आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश अंधेरे और सुनसान रास्ते का फायदा उठाकर आसानी से बाइक से भाग निकले।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर लगातार बढ़ रही असामाजिक तत्वों की आवाजाही और आपराधिक घटनाओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश का दावा कर रही है, लेकिन इस वारदात ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि रात के समय शहर के पर्यटन स्थल सुरक्षित नहीं हैं।







