700 फीट गहरी खाई में गिरी स्कॉर्पियो, 8 युवकों की मौत
महाबलेश्वर-पोलादपुर मार्ग पर तड़के हुआ भीषण सड़क हादसा

रायगढ़। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले स्थित अम्बेनाली घाट में गुरुवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। महाबलेश्वर और पोलादपुर के बीच तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर करीब 700 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन सवार आठ युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना सुबह करीब 2:45 बजे की बताई जा रही है।
मोड़ पर बिगड़ा संतुलन, खाई में समाई गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घाट के तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद स्कॉर्पियो सीधे गहरी खाई में गिर गई। हादसे के दौरान कार में सवार युवक मदद के लिए चीखते रहे, लेकिन अंधेरा और दुर्गम रास्ता होने के कारण तत्काल सहायता नहीं पहुंच सकी।
कई टीमों ने मिलकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही पोलादपुर पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, महाबलेश्वर ट्रैकर्स, प्रतापगढ़ रेस्क्यू टीम, आपदा मित्र और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। खाई अत्यधिक गहरी और रास्ता कठिन होने से बचाव कार्य में भारी परेशानी आई। शवों का पता लगाने के लिए दूरबीन का सहारा लिया गया, जबकि रस्सियों की मदद से शवों को सड़क तक पहुंचाया गया।
सभी मृतक सतारा जिले के एक ही गांव के निवासी
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले सभी युवक सतारा जिले के कोरेगांव तालुका स्थित असगांव गांव के निवासी थे। वे कोंकण क्षेत्र में छुट्टियां बिताकर वापस घर लौट रहे थे। मृतकों में महेश पवार, आदित्य सालुंखे, रितेश लोखंडे, सुहास लोखंडे, अंश चव्हाण, उत्कर्ष शिंगटे, अनिल शिंगटे और नितीन नायकोंडे शामिल हैं।
2018 के हादसे की ताजा हुई यादें
इस दर्दनाक घटना ने वर्ष 2018 में अम्बेनाली घाट में हुए बड़े बस हादसे की यादें फिर ताजा कर दीं। उस समय दापोली कृषि विश्वविद्यालय की बस खाई में गिर गई थी, जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी।







