अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से भिड़ी स्कूल वैन, राहगीरों की मुस्तैदी से सुरक्षित निकाले गए बच्चे

अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से भिड़ी स्कूल वैन, राहगीरों की मुस्तैदी से सुरक्षित निकाले गए बच्चे
भोपाल, यशभारत । राजधानी के कोहेफिजा फ्लाईओवर पर आज गुरुवार एक बड़ा सड़क हादसा होने से बाल-बाल टल गया। भोपाल गर्ल्स स्कूल के बच्चों को लेकर जा रही एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। गनीमत यह रही कि हादसे में वैन में सवार सभी 6 बच्चे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, वैन सुबह पंचवटी इलाके से बच्चों को लेकर स्कूल की तरफ रवाना हुई थी। जैसे ही वैन कोहेफिजा फ्लाईओवर पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक बड़े वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक संतुलन खो दिया और गाड़ी सीधे खंभे से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन में सवार स्कूल की एक महिला स्टाफ के सिर में गंभीर चोट आई है, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया।
राहगीरों ने दिखाई मुस्तैदी
दुर्घटना होते ही फ्लाईओवर से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत सक्रियता दिखाई। लोगों ने मुस्तैदी से वैन का दरवाजा खोलकर बच्चों और घायल महिला स्टाफ को बाहर निकाला। इसके बाद बच्चों को दूसरी गाड़ी की व्यवस्था कर सुरक्षित स्कूल भेजा गया।
तकनीकी खराबी की जांच करेगी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही कोहेफिजा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में दुर्घटना का कारण बड़े वाहन को बचाना सामने आया है, लेकिन ब्रेक फेल होने या किसी अन्य तकनीकी खराबी की आशंका को देखते हुए वैन की तकनीकी जांच कराई जाएगी। फिलहाल पुलिस चालक से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।






