हनुमान जन्मोत्सव पर भगवामय हुई संस्कारधानी,मंदिरो से लेकर घरों तक गूंजा जय हनुमान ज्ञान गन सागर
सुंदरकांड पाठ, हवन और गली-गली भंडारों से भक्तिमय हुआ शहर

जबलपुर, यशभारत। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर संस्कारधानी जबलपुर गुरुवार को पूरी तरह भक्तिरस में डूबी नजर आई। सुबह से ही शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बजरंगबली के दर्शन के लिए भक्त लंबी कतारों में खड़े दिखाई दिए। मंदिरों में पूजन-अर्चन, हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और अखंड मानस पाठ के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भंडारों और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिससे गली-गली आस्था का उत्सव दिखाई दिया।
ग्वारीघाट स्थित रामलला मंदिर में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे। जैसे ही बालरूप में हनुमानजी की प्रतिमा गर्भगृह से बाहर लाई गई, दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालु इस दिव्य क्षण को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। मंदिर परिसर में वर्षभर में अर्जी स्वरूप चढ़ाए गए लाखों नारियलों का विशेष हवन भी संपन्न हुआ। मान्यता है कि इन नारियलों के साथ की गई प्रार्थना से भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण होती है।

शहर के रानीताल, हाईकोर्ट परिसर, तहसील कार्यालय, दमोहनाका स्थित बालरूप हनुमान मंदिर, जीसीएफ राममंदिर, पाटबाबा, पचमठा और अधारताल कटरा वाले हनुमान मंदिरों सहित सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही। कई मंदिरों में एक दिन पूर्व से ही अखंड रामायण पाठ, सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का आयोजन निरंतर जारी रहा।

जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोषों से पूरा शहर गूंज उठा। भगवा ध्वजों, सजावट और धार्मिक आयोजनों से संस्कारधानी पूरी तरह भगवामय दिखाई दी, जहां हर ओर आस्था, श्रद्धा और उत्सव का अनुपम संगम देखने को मिला।







