Delhiजबलपुरदेशमध्य प्रदेश

सफाई व्यवस्था हुई बेपटरी  नालियों की बदबू से त्रस्त रहवासी,

शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार मौन

सफाई व्यवस्था हुई बेपटरी  नालियों की बदबू से त्रस्त रहवासी,

शिकायतों के बाद भी जिम्मेदार मौन

जबलपुर, यश भारत। शहर में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से पटरी से उतरती नजर आ रही है। अलग-अलग इलाकों में फैले कूड़े के ढेर और बजबजाती नालियां आम नागरिकों के लिए बड़ी परेशानी बन गई हैं। हालात ऐसे हैं कि लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है, लेकिन इसके बावजूद नगर निगम का ध्यान इस ओर नहीं जा रहा।
सुहागी क्षेत्र से सामने आई शिकायत में स्थानीय लोगों ने बताया कि कई दिनों से नालियां जाम और गंदगी से भरी पड़ी हैं। बदबू के कारण घरों में रहना मुश्किल हो रहा है और मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी नगर निगम की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसी तरह मदार टेकरी क्षेत्र में भी हालात चिंताजनक बने हुए हैं। यहां के निवासी खुद ही अपने घरों के सामने की नालियां साफ करने को मजबूर हैं। एक शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ दिन पहले एक बच्ची नाली में गिरते-गिरते बची, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते सफाई नहीं हुई, तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सफाई केवल तब होती है जब शहर में कोई वीआईपी दौरा होता है। उस दौरान सड़कों की सफाई और कूड़ा उठाने की व्यवस्था दिखती है, लेकिन उसके बाद हालात फिर जस के तस हो जाते हैं।
गौरतलब है कि इसी मुद्दे को लेकर हाल ही में कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम में तालाबंदी कर आक्रोश जताया था और शहर की बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा है, जिससे आम जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button