ओवरटेक के विवाद में सेल्समैन की चाकू गोदकर हत्या

ओवरटेक के विवाद में सेल्समैन की चाकू गोदकर हत्या
4 संदिग्ध हिरासत में, सीसीटीवी फुटेज से सुलझी गुत्थी
भोपाल, यशभारत। राजधानी के निशातपुरा थाना क्षेत्र में होली की खुशियों के बीच बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात मामूली ओवरटेक के विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया, जिसमें 19 वर्षीय युवक अरविंद मीणा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार संदिग्धों को घेराबंदी कर दबोच लिया है।
शव को ऑटो से सड़क किनारे फेंका
मृतक की पहचान प्रताप नगर निवासी अरविंद मीणा (19) के रूप में हुई है, जो एक गारमेंट्स शॉप पर सेल्समैन का काम करता था। जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने अरविंद के सीने पर चाकू से चार ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अरविंद के अर्धनग्न शव को ऑटो में लादकर 80 फीट रोड पर बेस्ट प्राइस के पास फेंककर फरार हो गए। मृतक के पिता हल्केराम मीणा ने बताया कि उन्होंने सड़क पर भीड़ देखकर गाड़ी रोकी थी, पास जाकर देखा तो उनके अपने बेटे का शव खून से लथपथ पड़ा था।
दोस्तों के साथ निकला था युवक
परिजनों के अनुसार, अरविंद बुधवार शाम अपने दोस्त विशाल ठाकुर उर्फ भूरा और सचिन के साथ घूमने निकला था। संदिग्ध बात यह रही कि ये दोनों दोस्त बाद में मोहल्ले में अकेले लौट आए, जबकि अरविंद का शव देर रात बरामद हुआ। इससे परिजनों का संदेह गहरा गया और उन्होंने पुलिस जांच पर सवाल उठाते हुए चक्काजाम की चेतावनी भी दी थी।
रंजिश नहीं, रोड रेज बनी मौत की वजह
शुरुआती जांच में इसे पुरानी रंजिश माना जा रहा था, लेकिन पुलिस द्वारा सीसीटी फुटेज खंगालने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार विवाद की शुरुआत सड़क पर वाहन ओवरटेक करने को लेकर हुई थी। मामूली कहासुनी के बाद आरोपियों ने आपा खो दिया और अरविंद पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने फुटेज के आधार पर 4 संदिग्धों को राउंडअप किया है।
इनका कहना है..
हमने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और शुरुआती पूछताछ में ओवरटेक के विवाद की बात सामने आई है। चार संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है, जल्द ही औपचारिक खुलासा किया जाएगा।
मनोज पटवा, थाना प्रभारी, निशातपुरा







