सड़क के गड्ढे ने गरीब की मेहनत पर फेरा पानी, पलटा अंडों से भरा ऑटो

सड़क के गड्ढे ने गरीब की मेहनत पर फेरा पानी, पलटा अंडों से भरा ऑटो
करोंद मंडी की 80 फीट रोड पर हादसा, हजारों अंडे टूटकर सड़क पर बिखरे; सड़क निर्माण की धीमी रफ्तार से लोगों में नाराजगी
भोपाल,यश भारत। राजधानी की बदहाल सड़कों पर बने गड्ढे अब आम लोगों की मेहनत की कमाई पर भारी पड़ने लगे हैं। ताजा मामला करोंद मंडी की 80 फीट रोड का है जहां सड़क के गड्ढे की चपेट में आने से अंडों से भरा एक ऑटो पलट गया। हादसे में ऑटो में रखे हजारों अंडे सड़क पर बिखरकर टूट गए। इस घटना में वाहन चालक को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा और उसकी दिनभर की मेहनत पलभर में बर्बाद हो गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इस सड़क पर गड्ढों के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। सड़क निर्माण का काम जारी है लेकिन इसकी धीमी रफ्तार के चलते राहगीरों और वाहन चालकों की परेशानियां लगातार बढ़ रही हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग को सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ ही खतरनाक गड्ढों को तत्काल भरवाना चाहिए ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके। सवाल यह है कि आखिर कब तक आम जनता सड़कों के गड्ढों का खामियाजा भुगतती रहेगी, क्या जिम्मेदार विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है।







