खतलापुरा रोड पर हादसे का खतरा, बीच सड़क पड़े पत्थर
खतलापुरा रोड पर हादसे का खतरा, बीच सड़क पड़े पत्थर

भोपाल, यश भारत । शहर के लोग भवन स्थित खतलापुरा रोड पर यातायात के बीच बड़ा हादसा होने का खतरा बना हुआ है। सड़क के बीचों-बीच बड़े-बड़े पत्थर पड़े होने से वाहन चालकों को दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। तेज रफ्तार से आने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक अचानक सामने पड़े पत्थरों को देखकर असंतुलित हो जाते हैं, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार यहां किसी प्रकार की बैरिकेडिंग नहीं की गई है, जिससे स्थिति और अधिक खतरनाक हो गई है। कई बार लोगों ने स्वयं पत्थरों को किनारे करने का प्रयास भी किया, लेकिन भारी होने के कारण उन्हें हटाना संभव नहीं हो पाया।

वहीं रात के समय स्ट्रीट लाइट बंद रहने से पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता है, जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे में वाहन चालकों को सड़क की स्थिति का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे दुर्घटना की संभावना और बढ़ जाती है।
स्थानीय निवासियों और राहगीरों का कहना है कि संबंधित विभाग को कई बार इस समस्या की जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।







