मध्यप्रदेश पुलिस में 9662 पदों पर होगी भर्ती, सीएम मोहन यादव ने दी मंजूरी

मध्यप्रदेश पुलिस में 9662 पदों पर होगी भर्ती, सीएम मोहन यादव ने दी मंजूरी
भोपाल, यशभारत। मध्यप्रदेश पुलिस विभाग में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पुलिस विभाग में खाली पड़े 9,662 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने को हरी झंडी दे दी है। इस फैसले के बाद गृह विभाग ने भर्ती से जुड़े चार अलग-अलग आदेश जारी कर दिए हैं। अब जल्द ही मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल इसका आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करेगा।
स्वीकृत पदों में सबसे ज्यादा 7,500 पद आरक्षक (जीडी) के हैं। इसके अलावा 1,000 पद आरक्षक (चालक), 520 पद सहायक उप निरीक्षक (अ.), 312 पद उप निरीक्षक (जिला बल), 135 पद शीघ्रलेखक (सूबेदार अ), 81 पद सूबेदार और 69 पद उप निरीक्षक (विसबल) के शामिल हैं। साथ ही उप निरीक्षक श्रेणी में अंगुलिचिन्ह के 22 पद, आयुध के 10, फोटो के 9 और क्यूडी के 4 पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी। संवर्ग अनुसार देखें तो आरक्षक संवर्ग के कुल 8,500 पद, शीघ्रलेखक व सहायक उप निरीक्षक संवर्ग के 655 पद और सूबेदार व उप निरीक्षक संवर्ग के 507 पदों पर भर्ती की जाएगी।
कर्मचारी चयन मंडल द्वारा जल्द ही विस्तृत विज्ञापन जारी किया जाएगा, जिसमें आवेदन प्रक्रिया की तिथियां, आयु सीमा, शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया से संबंधित गाइडलाइंस की जानकारी दी जाएगी।
इस निर्णय पर खुशी जताते हुए मप्र पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह फैसला पुलिस बल की क्षमता वृद्धि में मील का पत्थर साबित होगा। नई भर्ती से प्रदेश में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला व बाल सुरक्षा और साइबर सुरक्षा को मजबूती मिलेगी। साथ ही आगामी सिंहस्थ-2028 जैसे विशाल आयोजन की सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभालने में पुलिस बल को नई ऊर्जा मिलेगी।







